एक वर्ष से क्षतिग्रस्त है पुल का संपर्क मार्ग, दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से की तत्काल मरम्मत की मांग
फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर तहसील क्षेत्र में चमावा-लखनऊ-बलिया मार्ग से भेड़िया बाजार को जोड़ने वाली सड़क पर स्थित कुँवर नदी पुल का अप्रोच धंस जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। पुल के दोनों ओर की मिट्टी बह जाने और सड़क की पटरियां क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस पुल का निर्माण वर्षों पूर्व तत्कालीन इस्पात मंत्री एवं सांसद चन्द्रजीत यादव के प्रयास से कराया गया था। यह पुल बूढ़ापुर बदल, मुंडवर, हेमईपुर, अंजान शहीद, वैसापुर, नूरपुर, सिंगारपुर, डिघिया, वैसाडीह, पूरा नाजिर, पूरा मलिक, पूरा भिखारी, हैदरीपुर, कतरानूरपुर समेत दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से स्कूली बसें और अन्य छोटे-बड़े वाहन भी प्रतिदिन गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले लगभग एक वर्ष से पुल के दोनों ओर का अप्रोच धंसता जा रहा है। बारिश के दौरान मिट्टी बह जाने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे दो वाहन एक साथ सुरक्षित रूप से नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्राम प्रधान वीरेंद्र (भूषण) यादव, रामअवध सुमन, शिवकुमारी, हरेंद्र चौहान, रविंद्र यादव, जमशेद, सतीश यादव और लख्खीलाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों तथा विधायक प्रतिनिधि विजय बहादुर यादव से पुल के अप्रोच पर मिट्टी भरवाकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पुल के अप्रोच की मरम्मत नहीं कराई गई और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
रिपोर्ट _ आर पी सिंह






