स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

ई-पॉस मशीन ठप, अंगूठा सत्यापन न होने से किसानों को नहीं मिला डीएपी उर्वरक

Share

तकनीकी खराबी से वितरण व्यवस्था ठप, घंटों इंतजार के बाद मायूस लौटे किसान

फूलपुर (आजमगढ़)। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में साधन सहकारी समितियों पर उर्वरक वितरण व्यवस्था तकनीकी खामियों की भेंट चढ़ गई है। सोमवार को साधन सहकारी समिति सदरपुर-बरौली के सुदनीपुर गोदाम पर डीएपी उर्वरक वितरण शुरू होना था, लेकिन ई-पॉस मशीन में आई तकनीकी खराबी के चलते किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी उर्वरक नहीं मिल सका।

समिति सचिव सुधीर सिंह निर्धारित समय पर गोदाम पहुंचे और ई-पॉस मशीन को सक्रिय करने के लिए अपना बायोमेट्रिक सत्यापन किया। काफी प्रयास के बाद मशीन चालू तो हुई, लेकिन किसानों के अंगूठों का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो सका। इसके अलावा सिस्टम में उर्वरक का बिक्री मूल्य भी प्रदर्शित नहीं हुआ, जिससे वितरण प्रक्रिया पूरी तरह बाधित हो गई।

तकनीकी समस्या के कारण दर्जनों किसानों को बिना उर्वरक लिए ही वापस लौटना पड़ा। किसानों ने बताया कि इस समय धान की रोपाई जोरों पर है और डीएपी उर्वरक की तत्काल आवश्यकता है। ऐसे समय में मशीन खराब होने से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।

किसान मनीष, कुंदन, रामराज, अनवर, दिनेश, दशरथ और रघुवीर सहित अन्य किसानों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से ई-पॉस मशीन की तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। किसानों ने यह भी कहा कि यदि मशीन से वितरण संभव नहीं हो पा रहा है, तो वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आधार कार्ड के आधार पर निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए, ताकि धान की रोपाई प्रभावित न हो।

किसानों का कहना है कि बरसात के इस मौसम में एक-एक दिन की देरी से खेती पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ऐसे में कृषि विभाग एवं सहकारिता विभाग को तत्काल प्रभावी कदम उठाकर उर्वरक वितरण सुचारु कराना चाहिए।

रिपोर्ट _ आर पी सिंह

Editor Karishma
Author: Editor Karishma

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!