फूलपुर (आजमगढ़)। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से फूलपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत खानपुर बेलहमा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में गुरुवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता ग्राम पंचायत अधिकारी ने की।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने नाली सफाई, जलभराव, चकरोड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन तथा अन्य जनसमस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश का ग्राम स्तर पर मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
पेंशन संबंधी मामलों में अधिकारियों ने लाभार्थियों को अपने आधार कार्ड पंचायत सहायक के पास जमा कराने तथा समाज कल्याण विभाग से सत्यापन कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उसका निराकरण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
चौपाल में लेखपाल, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, सफाईकर्मी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत अधिकारी विजयचंद यादव, प्रशासक नंदलाल यादव, पंचायत सहायक रोहित राव, रेणु भारती, अमरजीत, संजय यादव सहित अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





