फूलपुर, आजमगढ़। पंचायतीराज विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण के लिए जारी निर्देशों के क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिलाधिकारी के अनुमोदन पर फूलपुर विकासखंड की पांच ग्राम पंचायतों—खरसहन कला, कुशलगांव, विशेषा, खानजहापुर एवं इजदीपुर—का चयन किया गया था। इन ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण के लिए कुल 24 लाख 11 हजार रुपये स्वीकृत किए गए थे।
स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 18 लाख 08 हजार 730 रुपये तथा द्वितीय किस्त के रूप में 6 लाख 02 हजार 010 रुपये संबंधित ग्राम पंचायतों के अंत्येष्टि स्थल निर्माण खातों में हस्तांतरित कर दिए गए थे। इसके बावजूद 13 माह बीत जाने के बाद भी इजदीपुर ग्राम पंचायत में निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।
शासन के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी, आजमगढ़ ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), फूलपुर को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि इजदीपुर में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण स्वीकृत मानक एवं नक्शे के अनुरूप एक सप्ताह के भीतर पूरा कराया जाए। साथ ही उपलब्ध कराई गई धनराशि के सापेक्ष बिल-वाउचर, फोटोग्राफ एवं उपभोग प्रमाण-पत्र कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र प्राप्त होने के बाद सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राम मिलन ने संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारियों के साथ चयनित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इजदीपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर शेष निर्माण कार्य पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राम मिलन ने बताया कि खरसहन कला, कुशलगांव, विशेषा तथा खानजहापुर में अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जबकि इजदीपुर में भवन का निर्माण पूरा हो गया है, लेकिन रंगाई-पुताई, इंटरलॉकिंग, बाउंड्रीवाल, मुख्य द्वार (मेन गेट) तथा शौचालय में प्लंबिंग का कार्य अभी शेष है। इसे एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश ग्राम पंचायत अधिकारी को दिए गए हैं।
रिपोर्ट : आर पी सिंह






