फूलपुर, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक (टेक्निकल असिस्टेंट) भर्ती परीक्षा में क्षेत्र के युवा प्रदीप कुमार यादव का चयन होने पर परिवार एवं क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी सफलता पर परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
प्रदीप कुमार यादव अंबारी स्थित भारत मेडिकल स्टोर परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता कैलाश नाथ यादव एवं माता अनिता देवी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, अंबारी में हुई। इसके बाद उन्होंने यू.पी. कॉलेज, वाराणसी से इंटरमीडिएट (कृषि) तथा टी.डी. कॉलेज, जौनपुर से बीएससी (कृषि) की शिक्षा प्राप्त की।
परिवार के लोगों ने बताया कि प्रदीप शुरू से ही मेधावी एवं मेहनती छात्र रहे हैं। उन्होंने निरंतर परिश्रम और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की है। वर्तमान समय में वह पीसीएस मुख्य परीक्षा की तैयारी भी कर रहे हैं।
प्रदीप की इस उपलब्धि पर उनके बड़े भाई अजय यादव, विजय यादव, अशोक यादव एवं प्रह्लाद यादव सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा मिलेगी।
प्रदीप यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं कठिन परिश्रम को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और हर्ष का माहौल बना हुआ है।





