अवैध संचालन पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, अस्पताल बंद
फूलपुर एक्सप्रेस | आजमगढ़ : लालगंज क्षेत्र स्थित सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर में प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द्र कुमार ने मंगलवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सामने आया कि उपचार के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई थी, जबकि नवजात शिशु की हालत गंभीर होने पर उसे अन्य चिकित्सालय रेफर किया गया। घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा और विरोध प्रदर्शन भी किया था।
निरीक्षण में अस्पताल में कई गंभीर खामियां पाई गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पताल में फायर सेफ्टी व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, आवश्यक पंजीकरण अभिलेख, प्रशिक्षित स्टाफ और मानक अनुरूप चिकित्सीय उपकरणों की कमी मिली। कई जरूरी अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द्र कुमार ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी गंभीर मामला है। प्रथम दृष्टया लापरवाही एवं अनियमितताएं पाए जाने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है तथा विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना मानक संचालित निजी अस्पतालों, अवैध चिकित्सालयों और झोलाछाप गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मरीजों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना लालगंज को भी पत्र भेज दिया गया है।






