थाना समाधान दिवस पर एसएसपी एवं जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं
आजमगढ़, 23 मई। जनपद में आयोजित थाना समाधान दिवस के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने थाना गम्भीरपुर एवं थाना सरायमीर पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।

थाना गम्भीरपुर में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण कराया। इसके उपरांत उन्होंने थाना परिसर में निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन के लिए विधिवत भूमि पूजन किया।
इसके बाद थाना सरायमीर में जिलाधिकारी आजमगढ़ श्री रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान थाना सरायमीर स्थित रिक्रूट आरक्षियों के बैरक का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, आवासीय व्यवस्थाओं एवं अनुशासन की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
थाना गम्भीरपुर एवं थाना सरायमीर में प्राप्त अधिकांश प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। शेष प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित पाए गए, जिनके शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पुलिस-प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी थाना समाधान दिवस के माध्यम से जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।






