शराब के नशे में अनियंत्रित होकर नहर के पास खेत में गिरी बाइक, दोस्त के साथ लौट रहा था मृतक
फूलपुर, आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत टेऊंगा नहर के पास गुरुवार रात एक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपने दोस्त के साथ बारात से वापस घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नहर के पास अनियंत्रित हुई बाइक
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कासिमपुर (अंबारी) निवासी संदीप यादव (32) पुत्र शीतला प्रसाद यादव, अपने दोस्त संतोष यादव पुत्र कल्पनाथ यादव (21) के साथ फुलवरिया गांव में एक बारात में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 9:30 बजे वापस लौटते समय टेऊंगा नहर के पास उनकी दो पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठा।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे में संदीप के सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद साथी संतोष यादव ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी और संदीप को फूलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत संदीप को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, सूचना पर पहुंची पुलिस ने कागजी कार्रवाई शुरू की।
छिन गया घर का सहारा
मृतक संदीप यादव अपने दो भाइयों और दो बहन में सबसे बड़ा था। वह अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गया है। घर के बड़े बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया है। पिता शीतला प्रसाद यादव सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि संदीप मिलनसार स्वभाव का था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।








