स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

नगर पंचायत की अनदेखी! कूड़ा पात्र रखकर जिम्मेदारियों से विमुख हुआ नगर पंचायत

Share

फूलपुर (आजमगढ़)। केंद्र व प्रदेश सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों और शहरों को सुंदर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन स्थानीय अधिकारियों की उदासीनता इस महत्वाकांक्षी योजना पर पानी फेर रही है। ताजा मामला फूलपुर तहसील मुख्यालय का है, जहां नगर पंचायत द्वारा रखे गए कूड़ेदान अब खुद गंदगी का सबब बन गए हैं।

तहसील मुख्यालय की बाउंड्री वॉल के सामने नगर पंचायत फूलपुर द्वारा दो बड़े कूड़ेदान रखवाए गए थे, ताकि आसपास के लोग कचरा उसमें डाल सकें। लेकिन विडंबना यह है कि कूड़ा पात्र पूरी तरह भर चुके हैं और नगर पंचायत का वाहन इन्हें खाली करने के लिए कई दिनों से नहीं आया है। कचरा न उठने के कारण अब लोग मजबूरन कूड़ेदान के बाहर ही कचरा फेंक रहे हैं, जिससे तहसील के मुख्य गेट के पास गंदगी का अंबार लग गया है।

कचरे का उठाव न होने और साफ-सफाई व कीटनाशक छिड़काव के अभाव में वहां सड़ांध पैदा हो गई है। भीषण दुर्गंध के कारण राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय निवासी पवन जायसवाल, ध्रुव चंद, अवधेश मोदनवाल, राजकुमार, दीपक मोदनवाल, रामलखन, मिट्ठू नाऊ, संजय उर्फ मुनमुन, और आशीष पाल उर्फ निन्ही आदि ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पंचायत के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह शिथिल हो चुके हैं।

स्थानीय नागरिकों ने तहसील स्तरीय अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल सफाई की मांग की है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी (SDM) फूलपुर, अशोक कुमार ने बताया कि “मामला संज्ञान में आया है। अधिशाषी अधिकारी (EO) नगर पंचायत से वार्ता कर तत्काल कूड़ा गाड़ी मंगवाई जा रही है। कूड़ा हटवाने के साथ-साथ वहां नियमित सफाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए जाएंगे।”

रिपोर्ट _ आर पी सिंह / फूलपुर 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!