- 4500 वर्गफीट में अत्याधुनिक जिम व योगा केंद्र से बढ़ेगी पुलिसकर्मियों की फिटनेस
- महिला पुलिस कर्मियों के लिए डे-केयर (क्रेश) की सुविधा, जिम्मेदारी के साथ मिलेगी राहत
- लाइब्रेरी से मिलेगा मानसिक सुकून और ज्ञान का विस्तार
आजमगढ़। अपनी सेहत की परवाह किए बिना दिन-रात कर्तव्य पथ पर डटे रहने वाले पुलिस कर्मियों और छोटे बच्चों की चिंता के बीच ड्यूटी निभाने वाली महिला पुलिस कर्मियों के लिए आजमगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। वामा सारथी संस्था के सहयोग से पुलिस परिवारों के जीवन में संतुलन और सहूलियत लाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न जन-कल्याणकारी सुविधाओं का शुभारंभ किया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मीनाक्षी सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती दीपशिखा द्वारा संयुक्त रूप से अत्याधुनिक जिम, योगा केंद्र, क्रेश और पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।
अत्याधुनिक जिम व योगा केंद्र: लगभग 4500 वर्गफीट क्षेत्रफल में फैले इस केंद्र में नवीनतम फिटनेस उपकरण लगाए गए हैं, जो पुलिस कर्मियों की शारीरिक फिटनेस और तनाव मुक्ति में सहायक होंगे।
डे-केयर सेंटर (क्रेश): महिला पुलिस कर्मियों के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए सुसज्जित क्रेश बनाया गया है, ताकि वे निश्चिंत होकर अपनी ड्यूटी कर सकें।
समृद्ध लाइब्रेरी: मानसिक शांति और ज्ञानार्जन के लिए एक आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना की गई है।

उद्घाटन के पश्चात प्रशिक्षण प्राप्त कर रही रिक्रूट महिला आरक्षियों के सम्मान में “बड़ाखाना” का आयोजन किया गया। इस दौरान DIG श्री सुनील कुमार सिंह और SSP डॉ. अनिल कुमार ने सपत्नीक महिला आरक्षियों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। अधिकारियों ने आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपस्थिति: इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री चिराग जैन व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मोहित जैन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री विवेक त्रिपाठी सहित जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।







