
फूलपुर (आज़मगढ़)। फूलपुर थाना क्षेत्र के वैसाडीह गांव में शनिवार शाम पत्नी के प्रेमी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने रविवार सुबह एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। पकड़ा गया बदमाश कप्तानगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे वैसाडीह स्थित अमृत सरोवर के पास केशरी चौहान पुत्र वासदेव चौहान (निवासी मेहमोनी, थाना कप्तानगंज) ने अपनी पत्नी अंजलि चौहान के प्रेमी राकेश पर पुरानी रंजिश में गोली चला दी थी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था।
प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानन्द ने बताया कि पुलिस टीम फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी। रविवार भोर करीब 6 बजे सूचना मिली कि आरोपी भोरमऊ नहर पुलिया के पास खोजपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर देखा गया है। घेराबंदी करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली केशरी चौहान के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, केशरी चौहान एक पेशेवर अपराधी है और उस पर विभिन्न थानों में दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट – आर पी सिंह / फूलपुर







