आज़मगढ़ : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आज़मगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चल रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगेस्टर, गोवध, लूट, हत्या के प्रयास और चोरी जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त 06 शातिर अपराधियों को गुण्डा एक्ट के अंतर्गत जनपद की सीमा से 06 माह की अवधि के लिए ‘जिलाबदर’ कर दिया गया है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट, आज़मगढ़ के आदेशानुसार, इन अपराधियों का जनपद की सीमा में प्रवेश तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, इन अपराधियों पर गैंगेस्टर, गोवध, बलवा, लूट, हत्या का प्रयास, चोरी, गृहभेदन, आर्म्स एक्ट और चोरी की संपत्ति रखने जैसे दर्जनभर गंभीर मामले दर्ज हैं।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत निम्नलिखित अपराधियों को जिलाबदर किया गया है:
-
थाना सिधारी: जाफरपुर निवासी विशाल यादव उर्फ प्रिन्स (पुत्र अखिलेश यादव) और सूरज यादव (पुत्र दूबरी यादव) को 06 माह की अवधि के लिए जनपद से बाहर निष्कासित किया गया है।
-
थाना अहरौला: ग्राम तरकुलहा निवासी हरिश्चन्द्र यादव (पुत्र रामजीत यादव) को भी 06 माह की अवधि के लिए जिलाबदर किया गया है।
-
थाना फूलपुर: यहाँ के ग्राम जगदीशपुर निवासी बृजभान यादव (पुत्र श्यामधारी) को 06 माह, जबकि खानपुर चितरावल निवासी इन्तेजार और 3. इस्तेखार उर्फ इश्तेखार पुत्र रहमान उर्फ अब्दुल रहमान निवासी मौजा खानपुर चितरावल व इस्तेखार उर्फ इश्तेखार (पुत्रगण रहमान) को 01-01 माह की अवधि के लिए जनपद की सीमा से जिलाबदर किया गया है।
SSP डॉ0 अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के लिए जनपद में कोई जगह नहीं है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का यह कदम अपराधियों में खौफ पैदा करने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया गया है कि वे जिलाबदर अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखें और उनके जनपद में पाए जाने पर तत्काल कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।







