हजारों की संख्या में निकली भव्य शोभा यात्रा, सजीव झांकियों ने मोहा मन
रिपोर्ट _ मनोज मोदनवाल/ फूलपुर, आजमगढ़
फूलपुर आजमगढ़ : भारतीय संविधान के शिल्पकार और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती फूलपुर क्षेत्र में हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूरा वातावरण ‘जय भीम’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा और नीले झंडों व गुलाल ने पूरे क्षेत्र को आंबेडकरमय कर दिया।

जयंती के अवसर पर हर गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमाओं और परिसरों को दुल्हन की तरह सजाया गया था। सुबह से ही अनुयायियों का जमावड़ा शुरू हो गया, जहाँ लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद विभिन्न गांवों से डीजे की धुनों पर नाचते-झूमते समर्थक फूलपुर के कुंवर नदी तिराहा पर एकत्रित हुए।
कुंवर नदी पुल से हजारों की संख्या में समर्थकों ने संयुक्त रूप से शोभा यात्रा निकाली। दर्जनों डीजे और स्वर्णिम रथों पर सजी बाबा साहब व गौतम बुद्ध की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। यह यात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए शंकर जी तिराहा, सिनेमा रोड, बस स्टॉप, रामलीला रोड और हॉस्पिटल मार्ग से उद्पुर व तहसील परिसर पहुंची। तीखी धूप के बावजूद युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

शोभा यात्रा में फूलपुर देहात, बरौली, जगदीश अस्पतपुर, खानपुर मुड़ियार, भोरमऊ समेत दर्जनों गांवों के लोग शामिल हुए। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ और सहभोज (भंडारा) कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नन्द लाल भारती, सूरज, सुरेश, दिनेश भारती, पिंटू, चंद्रशेखर बौध, राजेश भारती, अस्मिता, प्रमिला आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव भारी पुलिस बल के साथ पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहे।







