नवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब; झांकियों और शिव तांडव की प्रस्तुति ने मोह लिया मन
रिपोर्ट _ मनोज मोदनवाल/ फूलपुर, आजमगढ़
फूलपुर (आजमगढ़)। वासंतिक नवरात्र की नवमी तिथि के पावन अवसर पर तहसील क्षेत्र स्थित मां भवानी मंदिर परिसर भक्ति के सागर में सराबोर नजर आया। मंदिर के पुजारी विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 56 भोग, महाआरती और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गोधूलि बेला में आयोजित मुख्य अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पुजारी विशाल पाण्डेय द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन के पश्चात मां भवानी को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। इसके उपरांत जब महाआरती शुरू हुई, तो पूरा वातावरण ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। दीपों की लौ और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की।
महाआरती और प्रसाद वितरण के बाद ‘मां भवानी पूजा समिति’ के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। म्यूजिक सिस्टम के माध्यम से भक्ति गीतों पर कलाकारों ने सजीव झांकियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के दौरान शिव तांडव, शिव-पार्वती संवाद, राधा-कृष्ण की रासलीला और मां काली व मां भवानी के दिव्य स्वरूपों की नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति देख श्रद्धालु झूम उठे और करतल ध्वनि (तालियों) से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। पूरी रात मंदिर परिसर भक्तिमय गीतों और जयकारों से जीवंत बना रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।







