आजमगढ़। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय द्वारा आयोजित सात दिवसीय ‘ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता’ का बुधवार को रोमांचक समापन हुआ। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में वाराणसी की टीम ने मेजबान आजमगढ़ को 14 रनों से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वाराणसी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 149 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। वाराणसी की ओर से अर्पित सिंह ने नाबाद 29, आनंद सिंह ने 25 और सक्षम ने 24 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजमगढ़ की पूरी टीम 18.2 ओवरों में महज 135 रनों पर ही सिमट गई। आजमगढ़ की ओर से सौरभ ने 24 और अमित भगत ने 23 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
वाराणसी की जीत में गेंदबाजों की भूमिका अहम रही। आयुष और बृजेश ने 3-3 विकेट झटककर आजमगढ़ के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। अर्पित ने भी 2 विकेट लिए। इससे पहले, आजमगढ़ की ओर से गेंदबाजी करते हुए सुनील कुमार और अखंड प्रताप सिंह ने 3-3 विकेट प्राप्त किए थे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह और विशिष्ट अतिथि जिला हैंडबॉल संघ के सचिव के.एम. श्रीवास्तव व जिला जिम्नास्टिक्स संघ के संरक्षक मंगल प्रसाद ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
-
मैन ऑफ द मैच: अर्पित (वाराणसी)
-
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: कुंवर शिवम सिंह
-
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: बृजेश सोनकर
12 से 18 मार्च तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश की 10 उत्कृष्ट टीमों (कानपुर, गोंडा, वाराणसी, देवरिया, फतेहपुर, मऊ, बलिया, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर एवं आजमगढ़) ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर सुनील तिवारी, भूपेंद्र वीर सिंह, मो. इरफान, गोविंद यादव और आदर्श यादव सहित खेल प्रेमी उपस्थित रहे।







