फूलपुर में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़: एक के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार

Share

कुंवर नदी में अवशेष फेंकने वाले गिरोह का पर्दाफाश, कब्जे से तमंचा, कारतूस और चापड़ बरामद

आजमगढ़ (ब्यूरो): जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह के साथ गुरुवार की रात पुलिस की तीखी मुठभेड़ हो गई। मुडियार गांव के पास हुई इस क्रास फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से दो अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से अवैध असलहा, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले चापड़ बरामद हुए हैं।

घेराबंदी देख पुलिस पर झोंका फायर

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस मुडियार गांव की पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। रात करीब 02:15 बजे पुलिस ने संदिग्धों को घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई (आत्मरक्षार्थ) में मो. आमिर पुत्र मो. जाहिद (निवासी कौड़िया) के बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इस दौरान उसके साथी साकिब और युसुफ को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

नदी में अवशेष फेंककर साक्ष्य मिटाने का था खेल

पूछताछ में अभियुक्तों ने कुबूल किया कि वे सुनियोजित तरीके से गोवंश का वध कर मांस की तस्करी करते थे। बीते 3 मार्च को कौड़िया स्थित कुंवर नदी में जो प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिले थे, उसमें भी इसी गिरोह का हाथ था। अपराधी वध के बाद अवशेषों को नदी में फेंक देते थे या जमीन में गाड़ देते थे ताकि पुलिस को भनक न लग सके।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से:

  •  अवैध देशी तमंचा (.315 बोर) व खोखा कारतूस।
  •  धारदार चापड़ (वध के लिए प्रयुक्त)।
  •  एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल आमिर को इलाज हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है।

सफलतापूर्वक मुठभेड़ को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष के साथ व.उ.नि. गंगा राम बिन्द, उ.नि. अजीज खान, दयानन्द और अन्य हमराह शामिल रहे। उच्चाधिकारियों ने टीम के इस साहसिक कार्य की सराहना की है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!