दुर्वासा धाम से कांवर लेकर निकले श्रद्धालु, शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतारें
फूलपुर (आजमगढ़)।सावन माह के प्रथम सोमवार पर फूलपुर क्षेत्र शिवमय हो उठा। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ तथा ‘भोले बाबा पार करेंगे’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
रविवार शाम से ही दुर्वासा धाम स्थित तमसा और मंजूषा नदी के संगम तट पर कांवरियों का जमावड़ा शुरू हो गया था। भगवा वस्त्र धारण किए युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे संगम में स्नान कर दुर्वेश्वर महादेव एवं मुंडेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक करने के बाद कांवर लेकर अपने-अपने गंतव्य शिवालयों की ओर रवाना हुए।
क्षेत्र के दुर्वेश्वर महादेव, मुंडेश्वरनाथ महादेव, शंकर जी तिराहा शिव मंदिर, राम-जानकी मंदिर, नागा बाबा मंदिर एवं बाबा परमहंस जी मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, चंदन, फल, फूल एवं गंगाजल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का पूजन किया।
शंकर जी तिराहा स्थित शिव सेवा संघ की ओर से कांवरियों के लिए विश्राम, शीतल जल एवं जलपान की व्यवस्था की गई, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। इस दौरान अभय सिंह, निहाल मोदनवाल, उत्कर्ष मोदनवाल, बृजेश यादव, लक्की, बेचू और सुरेश मौर्य सहित युवा मंडल के सदस्यों ने कांवरियों का स्वागत एवं सेवा की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र त्रिपाठी, महिला थाना प्रभारी रानी साहू सहित पुलिस बल पूरे समय मुस्तैद रहा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा।
रिपोर्ट_ मनोज मोदनवाल






