स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

भूमि विवाद में दादा और पोते की कुल्हाड़ी से हत्या, दोहरे हत्याकांड से दहला पवई

Share

आजमगढ़ के पवई में डबल मर्डर, गन्ने के खेत से बरामद हुई हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी

पवई/आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने 70 वर्षीय जगदम्बा प्रसाद यादव और उनके 25 वर्षीय पोते श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जगदम्बा प्रसाद यादव अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे। देर रात हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी करीब 400 मीटर दूर स्थित उनके घर पहुंचे, जहां बरामदे में सो रहे पोते अंकित पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

बताया गया कि अंकित के पास सो रही उसकी दादी फूलकुमारी को देर रात कुछ आहट सुनाई दी। उन्होंने अंकित को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद घर के भीतर सो रहे अंकित के भाइयों शिवराज और शिव कुमार को जगाया गया। दोनों ने बाहर आकर देखा तो अंकित गंभीर रूप से घायल पड़ा था। परिजन उसे तत्काल अंबेडकरनगर जनपद के नगपुर जलालपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंकित की मौत की सूचना के बाद परिजन ट्यूबवेल पर सो रहे जगदम्बा प्रसाद यादव को बुलाने पहुंचे तो वहां उनका शव मिला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह, पवई थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। जांच के दौरान पुलिस ने घर से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।

मृतक अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने बताया कि अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और लगभग तीन माह पहले ही घर लौटा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसियों से चल रहे भूमि विवाद और पूर्व की रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!