राजस्व टीम ने किया सीमांकन, एसडीएम की अध्यक्षता में बनी रणनीति; बिना भेदभाव होगी कार्रवाई
फूलपुर (आजमगढ़)। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत उद्पुर में लखनऊ-बलिया राज्य मार्ग के किनारे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं अन्य सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि माहुल मोड़ से उद्पुर स्थित पेट्रोल पंप तक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। अभियान के तहत पहले चरण में भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है।

गुरुवार को माहुल मोड़ पर राजस्व निरीक्षक वासुदेव यादव के नेतृत्व में आधा दर्जन लेखपालों की टीम ने शाहगंज-बलिया रेलवे लाइन से निर्धारित मापदंडों के अनुसार पीडब्ल्यूडी की भूमि का सीमांकन किया। सड़क की चौड़ाई का माप लेकर सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया, ताकि आगामी कार्रवाई में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
इसके बाद उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, राजस्व निरीक्षक एवं अन्य अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में माहुल मोड़ से उद्पुर पेट्रोल पंप तक सड़क के दक्षिण दिशा में स्थित मकानों एवं दुकानों को नियमानुसार और शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष होगी तथा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह गरीब हो या अमीर।
राजस्व निरीक्षक वासुदेव यादव ने बताया कि उद्पुर रेलवे क्रॉसिंग से निर्धारित माप के अनुसार जहां तक लोक निर्माण विभाग की भूमि है, वहां तक सीमांकन कर निशान लगाए जाएंगे। सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
अभियान के दौरान लेखपाल सोनू गिरी, यशपाल चौहान, विशाल सिंह, विन्द्रेश यादव, प्रदीप सोनी सहित अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे।






