फूलपुर (आजमगढ़)।
कठिन परिस्थितियों में भी यदि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत हो, तो सफलता अवश्य मिलती है। इसका प्रेरणादायक उदाहरण ग्राम हाजीपुर (अंबारी) की डॉ. बिशाली यादव हैं, जिनका उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा हिंदी विषय की प्रवक्ता के पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
डॉ. बिशाली यादव ने गया प्रसाद स्मारक राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबारी से वर्ष 2015 में स्नातक तथा वर्ष 2017 में हिंदी विषय से परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की। छात्र जीवन से ही वे मेधावी, अनुशासित एवं मेहनती छात्रा रही हैं।
उनकी सफलता का सफर संघर्षों से भरा रहा। पिता स्वर्गीय राम बचन यादव के असामयिक निधन के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया। ऐसे कठिन समय में उनकी माता रीता देवी ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बेटी की शिक्षा नहीं रुकने दी। वहीं बड़े भाई ने भी अपने सपनों को पीछे छोड़ अंबारी में फास्ट फूड की दुकान चलाकर परिवार का सहारा बनने का दायित्व निभाया। परिवार के त्याग और बिशाली की अथक मेहनत ने अंततः सफलता का नया अध्याय लिख दिया।
डॉ. बिशाली ने वर्ष 2019 में यूजीसी-जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में पीएचडी में प्रवेश लिया। शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद उन्होंने डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। अब प्रवक्ता पद पर चयनित होकर उन्होंने अपने परिवार, महाविद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
महाविद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि बिशाली हमेशा विनम्र, अनुशासित और कृतज्ञ छात्रा रही हैं। उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है कि कठिन से कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के आगे टिक नहीं सकतीं।
डॉ. बिशाली यादव की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार, क्षेत्रवासियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






