06 आरोपी गिरफ्तार, महिला सदस्य करती थी रेकी; एसएसपी ने टीम को ₹25 हजार इनाम देने की घोषणा
आजमगढ़। जनपद में लगातार हो रही ई-रिक्शा एवं बैटरी चोरी की घटनाओं का कोतवाली पुलिस, विशेष अपराध नियंत्रण टीम, चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की आठ चोरी की ई-रिक्शा, 36 बैटरियां तथा एक मास्टर-की बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत यह कार्रवाई मोहटी घाट क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में मो. मिजान, अखिलेश यादव उर्फ समीर यादव, विनोद जायसवाल, योगेश्वर जायसवाल, बृजेश कुमार गुप्ता तथा तबस्सुम शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह की महिला सदस्य तबस्सुम शहर में बिना निगरानी खड़ी ई-रिक्शाओं की रेकी करती थी। इसके बाद अन्य सदस्य मास्टर-की की मदद से ई-रिक्शा चोरी कर सुनसान स्थान पर ले जाते, बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकालकर बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम सभी सदस्य आपस में बांट लेते थे।
🚨 आजमगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता
ई-रिक्शा और बैटरी चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश।
✅ 06 आरोपी गिरफ्तार
✅ 08 चोरी की ई-रिक्शा बरामद
✅ 36 बैटरियां बरामद
✅ बरामदगी की अनुमानित कीमत ₹20 लाख
#Azamgarh @Uppolice @BreakingNews @crimenews pic.twitter.com/HaH4EXufL6— Phoolpur Express (@Phoolpurexpress) July 7, 2026
पुलिस के अनुसार गिरोह ने कोतवाली और सिधारी क्षेत्र में हुई कई ई-रिक्शा चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी को प्रशस्ति-पत्र देने तथा कोतवाली पुलिस, विशेष अपराध नियंत्रण टीम, चोरी अनावरण टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को ₹25,000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।






