-
पहली ही तेज बारिश में चरमराई जल निकासी व्यवस्था,
-
ग्रामीणों ने नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग
फूलपुर, आजमगढ़। रविवार को हुई लगभग आधे घंटे की तेज बारिश ने फूलपुर क्षेत्र में नालों और नालियों की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। पहली ही बारिश में जगह-जगह जलभराव हो गया, जबकि जाम नालों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बरसात शुरू होने से पहले नालों, नालियों और बाहों की समुचित सफाई नहीं कराई गई। मई-जून से ही ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों द्वारा कई बार सफाई की मांग की गई थी, लेकिन संबंधित विभागों ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई। परिणामस्वरूप पहली ही तेज बारिश में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते नालों और बाहों की सफाई नहीं कराई गई तो आगामी बारिश में खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान हो सकता है। वहीं मुख्य मार्गों के किनारे स्थित दुकानदारों को भी जलभराव और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीण बहादुर यादव, झिनक यादव, प्रमोद, राजकुमार मोदनवाल, मोदन मोदनवाल, ध्रुव चंद मोदनवाल, रईश अहमद, आशीष पाल, मनीष पाल, रवि गौतम, अंकित यादव और अंकुर यादव सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से नालों एवं बाहों की तत्काल सफाई कराने तथा नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग की है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर संबंधित खंड विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर नालों की सफाई कराई जाएगी, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
रिपोर्ट – आर पी सिंह






