स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत खुरासन रोड रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण

Share

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी, यात्री सुविधाएं बेहतर करने के दिए निर्देश

फूलपुर (आजमगढ़)। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत खुरासन रोड रेलवे स्टेशन का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए स्वरूप में यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगा। शनिवार को वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने स्टेशन पहुंचकर निर्माण कार्यों एवं यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

डीआरएम ने लगभग आधे घंटे तक स्टेशन परिसर का भ्रमण कर निर्माणाधीन स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, शौचालय, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट काउंटर, पैनल रूम, बैटरी रूम तथा रिले रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।

गर्मी को देखते हुए उन्होंने यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पैनल रूम में रखे अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने पाया कि चार्ज लेने एवं चार्ज देने वाले स्टेशन मास्टर के हस्ताक्षर नियमानुसार दर्ज नहीं थे। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रिकॉर्ड का सही ढंग से संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि स्टेशन मास्टर से टिकट काउंटर का कार्य न लिया जाए। इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम) प्रशस्ति श्रीवास्तव को टिकट काउंटर पर अतिरिक्त लिपिक की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टिकट आरक्षण केंद्र को शीघ्र ही ओएफसी रूम में स्थानांतरित करने को कहा, ताकि पुराने भवन को हटाकर नए निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।

डीआरएम ने स्टेशन मास्टर से स्टेशन संचालन एवं निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पैनल रूम, बैटरी रूम एवं रिले रूम का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने फरिहा, संजरपुर, सरायमीर, खुरासन रोड तथा दीदारगंज स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग एवं फाटकों पर तैनात कर्मचारियों से भी मुलाकात कर उनके कार्यों की जानकारी ली।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास सिंह, यशवीर सिंह, आशुतोष गुप्ता, बालवेंद्र पाल, प्रशस्ति श्रीवास्तव, दीपक यादव, लोकेश कुमार सिंह, सागरवंशी सहित रेलवे के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – आर पी सिंह 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!