फूलपुर, आजमगढ़: स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 23 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं, जहां ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन केंद्रों पर ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, यूरिन तथा गर्भ जांच सहित करीब 14 प्रकार की छोटी-बड़ी जांचें की जा रही हैं।
सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का संचालन किया जा रहा है। प्रत्येक केंद्र पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी की तैनाती की गई है, जो प्रतिदिन ओपीडी में मरीजों का उपचार करते हैं।

फूलपुर ब्लॉक के मिजवा गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शहनाज बानों ने बताया कि प्रतिदिन मरीज विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर ओपीडी में पहुंचते हैं। मंगलवार को करीब 25 ग्रामीण उपचार एवं जांच के लिए केंद्र पर आए थे। उन्होंने बताया कि केंद्र प्रतिदिन खुलता है और मरीजों की संख्या दिन के अनुसार कम-ज्यादा होती रहती है।
उन्होंने बताया कि मिजवा सहित ब्लॉक क्षेत्र में कुल 23 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं, जहां ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
चिकित्साधीक्षक फूलपुर डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि जिले से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी स्थलीय सत्यापन कर केंद्रों की स्थिति की निगरानी करते हैं।
रिपोर्ट _ आर पी सिंह






