फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में रविवार की रात एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहां 17 वर्षीय एक मेधावी छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने और इलाज के दौरान मौत हो जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इब्राहिमपुर निवासी मुन्नीलाल का पुत्र विशाल यादव (17), जो जनता इंटर कॉलेज अंबारी में कक्षा 12 का छात्र था, की रविवार रात अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में फूलपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर हायर सेंटर पहुंचे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने छात्र के शरीर में जहर (Poison) होने की बात कही है, जिससे उसकी मृत्यु हुई। हालांकि, छात्र के शरीर में जहर किन परिस्थितियों में और कैसे पहुंचा, इसकी सटीक जानकारी अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस रहस्यमय मौत ने गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
विशाल के असामयिक निधन की खबर मिलते ही जनता इंटर कॉलेज अंबारी में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को विद्यालय में एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और सहपाठियों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतक आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सोमवार को ही भेड़िया कुंवर नदी के तट पर गमगीन माहौल में छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में इस घटना के बाद से हर कोई स्तब्ध है।







