स्टेट प्रभारी, सभी जिलों के लिए ब्यूरो चीफ, ब्लॉक व तहसील के लिए रिपोर्टर, कैमरामैन, रिपोर्ट्स, विज्ञापन प्रतिनिधि संपर्क करें — हमारे न्यूज़ चैनल (न्यूजपेपर) फूलपुर एक्सप्रेस में आपका स्वागत है

फूलपुर के जौमा गांव का मामला: हाईमास्ट लाइट जलाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, युवक घायल, पूर्व प्रधान समेत 5 पर FIR, 3 हिरासत में

Share

विधायक निधि की लाइट, गाँव में ‘फाइट’: मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप।

फूलपुर, आजमगढ़) | स्थानीय थाना क्षेत्र के जौमा गांव में सोमवार की रात विधायक निधि से लगी हाईमास्ट लाइट को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। वर्चस्व की इस जंग में लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन को हिरासत में ले लिया है।

ग्राम पंचायत जौमा के धोबियाना मोहल्ले में पूर्व प्रधान मोहम्मद अकरम के प्रयासों से विधायक निधि द्वारा एक हाईमास्ट लाइट लगवाई गई थी। इस लाइट के संचालन और स्विच पर नियंत्रण को लेकर गांव के दो परिवारों में काफी समय से खींचतान चल रही थी। सोमवार रात करीब 10 बजे सार्वजनिक लाइट बंद थी, जिसे लालधारी यादव के पुत्र ने ताला तोड़कर जला दिया।

मोहल्ले में ही इस्लाम के पुत्र ओकाश उर्फ सुग्गु की शादी का माहौल था। बारात जाने के बाद मंगलवार को दावत-ए-वलीमा की तैयारियां चल रही थीं। लाइट जलाने को लेकर पूर्व प्रधान के बेटों ने आपत्ति जताई, जिससे बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव व मारपीट शुरू हो गई।

इस हिंसक झड़प में इस्लाम पक्ष का 20 वर्षीय युवक मोहम्मद आतिफ पुत्र बदरुद्दीन धारदार हथियार लगने से लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सच्चिदानंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायल आतिफ को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद ने बताया कि “घायल के पिता बदरे आलम की तहरीर पर पूर्व प्रधान मोहम्मद अकरम समेत पांच लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।”

रिपोर्ट _ आर पी सिंह 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!