जगदीशपुर पांडेय का पूरा गांव के हिमांशु ने बढ़ाई आजमगढ़ की शान।
फूलपुर (आजमगढ़)। क्षेत्र के जगदीशपुर पांडेय का पूरा गांव निवासी हिमांशु यादव ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित RO/ARO (समीक्षा अधिकारी) परीक्षा-2023 में प्रदेश भर में 11वीं रैंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। हिमांशु का चयन समीक्षा अधिकारी के पद पर हुआ है, जिससे उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
हिमांशु एक साधारण किसान और व्यवसायी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता रविन्द्र यादव की फूलपुर में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। सीमित आय के बावजूद पिता ने बच्चों की शिक्षा में कभी कमी नहीं आने दी। हिमांशु की माता ऊषा देवी गृहणी हैं। हिमांशु ने अपनी हाईस्कूल की शिक्षा वर्ष 2010 में चिल्ड्रेन कॉलेज आजमगढ़ से और इंटर की पढ़ाई 2012 में बीबीएस इंटर कॉलेज इलाहाबाद से पूरी की। इसके बाद वे दिल्ली चले गए और वहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए।
अपनी सफलता पर हिमांशु यादव ने कहा कि यह किसी एक दिन के परिश्रम का परिणाम नहीं है। उन्होंने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि स्थिर मन से कर्म के प्रति समर्पित होकर किया गया कार्य सफलता जरूर दिलाता है। हिमांशु की इस उपलब्धि पर उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।







