फूलपुर (आज़मगढ़): स्थानीय थाना क्षेत्र के शहजेरपुर गांव में सोमवार शाम से लापता एक बुजुर्ग का शव मंगलवार सुबह गांव के ही एक पक्के पोखरे में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अच्छेलाल राजभर (60 वर्ष), पुत्र रामधनी के रूप में हुई है।
घटना का विवरण: परिजनों के अनुसार, अच्छेलाल सोमवार शाम घर से शहजेरपुर चौराहे के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। रात भर खोजबीन करने के बाद भी उनका कहीं पता नहीं चला। सुबह पोखरे के पास उनकी चप्पल और चुनौती (खैनी का डिब्बा) दिखाई दी, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। जब परिजनों ने पोखरे में तलाश शुरू की, तो पूर्वी दिशा की ओर उनका शव बरामद हुआ।
शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पांच बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें से तीन बेटों की शादी अभी शेष है। घटना की सूचना पाकर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को पोखरे से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
रिपोर्ट _आरपी सिंह
Author: Phoolpur Express
Post Views: 271







