आजमगढ़ (26 मार्च 2026)। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के 09 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरिऔध कला केंद्र परिसर में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी और मेले में जनसूचना का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। सूचना विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने गीत-संगीत और लोक कला के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाया।
नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर कलाकार मुन्ना लाल यादव और उनकी टीम ने शानदार देवी गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके साथ ही, कलाकारों ने विशेष रूप से तैयार किए गए विकासपरक गीतों के जरिए प्रदेश सरकार की नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। ग्रामीण क्षेत्रों जैसे हरैया के करैला और मनिकाडीह में भी बिरहा और लोकगीतों के जरिए शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री की ओर से जनता के नाम संदेशों वाले विशेष स्टॉल ‘योगी की पाती’ को जबरदस्त जनसमर्थन मिला। लोग मुख्यमंत्री के प्रेरक विचारों और मार्गदर्शन को पढ़कर उनके प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं। जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने आगंतुकों को विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कराया और सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रचार सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।







