नाम बदलकर बनवाया विदेशी पासपोर्ट, ओसीआई कार्ड के बावजूद ले रहा था सरकारी योजनाओं का लाभ
निज़ामाबाद (आजमगढ़)। कूट रचित दस्तावेजों के सहारे मलेशिया की नागरिकता हासिल करने और भारत में अवैध रूप से मतदाता बनकर सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने वाले एक जालसाज को निज़ामाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न केवल अपना और अपने पिता का नाम बदलकर विदेशी पासपोर्ट बनवाया, बल्कि भारतीय नागरिक बनकर प्रशासन को भी गुमराह करता रहा।
ग्राम सुराई निवासी मो. कुद्दूस उर्फ कुद्दूस पुत्र अली रजा ने फर्जी तरीके से अपना नाम बदलकर ‘मोहम्मद कुद्दूस बिन रज्जाग शाह’ कर लिया था। इसी आधार पर उसने मलेशिया की नागरिकता प्राप्त की और वहां का पासपोर्ट भी बनवा लिया। इतना ही नहीं, उसने प्रवासी भारतीय (OCI) कार्ड भी हासिल कर लिया था।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि विदेशी नागरिकता और ओसीआई कार्ड होने के बावजूद आरोपी का नाम ग्राम सुराई की मतदाता सूची में दर्ज था। वह भारतीय नागरिक के रूप में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा था। हाल ही में हुए मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान भी उसने अपनी पहचान छिपाकर फार्म भरा और खुद को भारतीय नागरिक दर्शाने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना निज़ामाबाद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जब आरोपी को नोटिस देकर थाने बुलाया गया, तो वह संतोषजनक जवाब और साक्ष्य पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न सुसंगत धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे।







