अहमदाबाद की युवती की शिकायत पर आजमगढ़ पुलिस का एक्शन
13 बैंक खातों और 27 शिकायतों का खुला राज
आज़मगढ़। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग पेज बनाकर देशभर के लोगों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया है, जो आकर्षक विज्ञापनों के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अवन राजभर (22) और प्रियांशू यादव (19) इंस्टाग्राम पर Ganga Hills और Velside Clothing जैसे मिलते-जुलते नामों से फर्जी पेज चलाते थे। ये लोग ब्रांडेड कपड़ों और उत्पादों को बेहद कम दाम में देने का लालच देकर ग्राहकों को व्हाट्सएप पर बुलाते थे। विश्वास जीतने के लिए प्रोडक्ट के फोटो-वीडियो भेजे जाते और फिर क्यूआर कोड के जरिए एडवांस पेमेंट ले लिया जाता था। पैसा मिलते ही आरोपी या तो ग्राहक को ब्लॉक कर देते थे या डमी (बेकार) पार्सल भेज देते थे।
देशभर में फैला था जाल जांच में सामने आया कि इस गिरोह के खिलाफ असम, बंगाल, गुजरात और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से 27 शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी ठगी की रकम को 13 अलग-अलग बैंक खातों में घुमाते थे। पुलिस ने इनके पास से 4 मोबाइल, 13 पासबुक, 5 एटीएम कार्ड, 9 सिम कार्ड और 30 डमी पार्सल पैकेट बरामद किए हैं।







