पराली जलाई तो होगी कार्रवाई, पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त

Picture of PhoolpurExpressNews

PhoolpurExpressNews

FOLLOW US:

Share

जिला पर्यावरण, गंगा एवं वेटलैंड समिति की बैठक में दीक्षा भंडारी ने की समीक्षा, सूखे पौधों की जगह नए पौधे लगाने को कहा

आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण, जिला गंगा एवं जिला वेटलैंड समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग दीक्षा भंडारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पराली दहन की रोकथाम, वृक्षारोपण, नदियों की स्वच्छता और आर्द्रभूमियों के संरक्षण की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पराली जलाने के प्रति किसानों को करें जागरूक

बैठक में पराली जलाने से उत्पन्न वायु प्रदूषण पर विशेष चिंता जताई गई। प्रभागीय निदेशक ने संबंधित विभागों को पराली दहन की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों और आमजन को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए। किसानों को पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए फसल अवशेषों के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण के लिए प्रेरित किया जाए।

सूखे पौधों की जगह तत्काल लगाएं नए पौधे

वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने रोपित पौधों की शत-प्रतिशत जीवितता और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके लिए स्थलवार नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर पौधे सूख गए हैं, वहां तत्काल नए पौधे लगाए जाएं और उनकी नियमित देखभाल की व्यवस्था की जाए। जिन विभागों ने अभी तक पौधों की जियो टैगिंग नहीं कराई है, वे इसे शत-प्रतिशत पूरा करें। आगामी वृक्षारोपण अभियान के लिए सभी विभाग अभी से उपयुक्त भूमि चिह्नित कर विभागवार कार्ययोजना तैयार करें।

वेटलैंड की सीमाओं पर लगाए जाएं स्तंभ

जिला वेटलैंड समिति की समीक्षा के दौरान जनपद में चिह्नित सभी आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया गया। प्रभागीय निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेटलैंड का निर्धारित मानकों के अनुसार परिसीमन कराकर उनके किनारों पर सीमांकन स्तंभ स्थापित किए जाएं। इससे आर्द्रभूमियों की वास्तविक सीमा स्पष्ट होगी और अतिक्रमण तथा क्षरण रोकने में मदद मिलेगी।

नदियों की स्वच्छता के लिए कराया जाए बायोरेमेडिएशन

जिला गंगा समिति की बैठक में नदियों के संरक्षण और स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नदियों के किनारे बायोरेमेडिएशन का कार्य अनिवार्य रूप से कराया जाए। नदियों में प्रदूषण रोकने, उनके प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण कंडारकर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार शुक्ला, सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

पराली जलाई तो होगी कार्रवाई, पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त

Picture of PhoolpurExpressNews

PhoolpurExpressNews

FOLLOW US:

Share

Leave a Comment

error: Content is protected !!