संविधान दिवस पर योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- संविधान पढ़ा होता तो भ्रम नहीं फैलाते

Picture of PhoolpurExpressNews

PhoolpurExpressNews

FOLLOW US:

Share

संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी कराता है बोध : योगी

  • संविधान दिवस पर विपक्ष पर बरसे योगी, बोले- लाल पुस्तिका से फैला रहे भ्रम
  • प्रदेश के 3,955 स्थलों पर शुरू होगा आंबेडकर मूर्ति विकास कार्य
  • संविधान लोकतंत्र की आत्मा, हर नागरिक को दिया समान अधिकार : योगी
  • आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत 3,955 स्थलों पर काम शुरू
  • कांग्रेस-सपा पर योगी का हमला, बोले- महापुरुषों का किया अपमान

लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ संविधान की उद्देशिका का पाठ किया और लोकतांत्रिक मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस मौके पर उन्होंने डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेशभर में सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ भी किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने भारत माता और डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हम सभी का गौरव है। यह 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक है। संविधान हमें अधिकारों का स्मरण कराने के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास दिलाता है।

मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान सभा के गठन के समय संविधान निर्माताओं ने महात्मा गांधी के उस विचार को ध्यान में रखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे। इसी भावना के अनुरूप भारतीय संविधान का निर्माण किया गया।

उन्होंने कहा कि भारत का संविधान दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पहले दिन से ही बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक वयस्क भारतीय नागरिक को मतदान का अधिकार दिया गया। यह लोकतंत्र की मजबूती और समानता के सिद्धांत का प्रतीक है।

डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में 4,030 स्थलों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 3,955 स्थलों पर बुधवार को सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएंगे। ये कार्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं और सम्मान से जुड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास जी महाराज, संत कबीर दास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों की प्रेरणा समाज को समानता और सामाजिक न्याय का संदेश देती है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं। यदि उन्होंने संविधान पढ़ा होता तो इस तरह का भ्रम नहीं फैलाते। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने संविधान का गला घोंटा और लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न नहीं देने और महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाया। वहीं, सपा पर कन्नौज में मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने को लेकर निशाना साधा।

Leave a Comment

संविधान दिवस पर योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- संविधान पढ़ा होता तो भ्रम नहीं फैलाते

Picture of PhoolpurExpressNews

PhoolpurExpressNews

FOLLOW US:

Share

Leave a Comment

error: Content is protected !!