गिरते-संभलते हुरियारों ने अंततः फोड़ा मटका: रंगोत्सव के उल्लास में डूबा नगर, अखाड़े के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन

Share

कपड़ा फाड़ होली और डीजे की धुन पर जमकर थिरके हुरियारे, शाम को अबीर-गुलाल से जीवंत हुई परंपरा

रिपोर्ट – मनोज मोदनवाल 

फूलपुर (आजमगढ़): आस्था, उमंग और आपसी भाईचारे का पर्व ‘रंगोत्सव’ फूलपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। फाल्गुनी बयार के बीच पूरा क्षेत्र रंगों से सराबोर नजर आया। सुबह से ही युवाओं की टोलियां सड़कों पर निकल पड़ीं और दोपहर तक ‘कपड़ा फाड़’ होली का जुनून छाया रहा। डीजे की धुन पर थिरकते हुरियारों के हुड़दंग ने उत्सव में चार चांद लगा दिए।

संस्कारों की होली: शाम को अबीर और स्नेहाशीष

दोपहर तक चले रंगों के हुड़दंग के बाद शाम का नजारा पूरी तरह पारंपरिक रहा। लोगों ने गीले रंगों को छोड़ अबीर-गुलाल से होली खेलने की परंपरा को जीवित रखा। युवाओं ने बुजुर्गों के पैरों पर गुलाल अर्पित कर आशीर्वाद लिया, तो वहीं हमउम्र साथियों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ‘होली मुबारक’ कहा। स्नेह और सम्मान के इस मिलन ने भारतीय संस्कारों की एक सुंदर तस्वीर पेश की।

बजरंग दल अखाड़ा की भव्य शोभायात्रा

होली के पावन अवसर पर शाम को बजरंग दल अखाड़ा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। चंचल प्रसाद के नेतृत्व में यह यात्रा ‘संगत जी गुरुद्वारा’ से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः अपने गंतव्य पर संपन्न हुई।

अखाड़ा परिषद के कलाकारों ने लाठी-डंडों और अन्य पारंपरिक शस्त्रों के साथ ऐसे हैरतअंगेज करतब दिखाए कि दर्शक दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हो गए बड़े कलाकारों के साथ-साथ नन्हें बच्चों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मटकाफोड़ में कौनेरी टीम अव्वल

नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में रंगोत्सव का पर्व धूमधाम से संपन्न हुआ। बस स्टॉप पर आयोजित ऐतिहासिक मटकाफोड़ प्रतियोगिता में 19 फीट की ऊंचाई पर बंधे मटके को पूर्व प्रधान लालमन यादव (कौनेरी) की टीम ने फोड़कर जीत हासिल की। विजेता टीम को थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने 18,451 रुपये देकर पुरस्कृत किया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उत्सव के दौरान कहीं कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव के नेतृत्व में पुलिस बल निरंतर क्षेत्र में चक्रमण करता रहा। पुलिस की सक्रियता के कारण पूरा रंगोत्सव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!