मिशन शक्ति 5.0 का हुआ आगाज़: योजनाओं से लेकर गोदभराई तक, मिशन शक्ति में दिखा नारी सम्मान का हर रंग

Share

महिला पुलिसकर्मियों समेत लाभार्थियों को किया गया सम्मानित

आजमगढ़, 26 सितम्बर। “महिला कोमल है, पर कमज़ोर नहीं, वह सशक्त नारी है एवं शक्ति का अवतार है।” इसी भावना के साथ शुक्रवार को हरिऔध कला केंद्र में मिशन शक्ति फेज-5.0 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मंडलायुक्त विवेक, डीआईजी  सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समाज रूपी रथ के दो पहिए हैं पुरुष-महिला: मंडलायुक्त

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त विवेक ने कहा कि पुरुष और महिला समाज रूपी रथ के दो पहिए हैं, दोनों का समान महत्व है। उन्होंने कहा कि महिलाएं शारीरिक रूप से भले ही कमजोर दिखें, लेकिन उनकी आंतरिक शक्ति और प्रतिरोधक क्षमता पुरुषों से अधिक होती है। एक स्वस्थ समाज की स्थापना के लिए आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में महिलाओं की समान भागीदारी आवश्यक है।

योजनाओं से सशक्त हो रहीं महिलाएं: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति का प्राथमिक उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक सरकार की योजनाएं महिलाओं को कवर करती हैं, जिनमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, निराश्रित महिला पेंशन और विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने महिलाओं से हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 112, 181 आदि का प्रयोग करने की अपील की।

डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत 15 सरकारी विभाग गांवों और कस्बों में चौपाल व अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को जागरूक कर रहे हैं। वहीं, राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य ने कहा कि शिक्षा ही वह रास्ता है, जिससे महिलाएं किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं।

लाभार्थियों के चेहरे पर आई मुस्कान

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया और डेमो चेक वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य के लिए महिला उप-निरीक्षक सानिया गुप्ता, प्रियंका तिवारी समेत छह पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। स्वयं सहायता समूहों को 5 करोड़ 31 लाख रुपये का डेमो चेक सौंपा गया। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, युवा उद्यमी योजना, निराश्रित महिला पेंशन, कन्या विवाह सहायता योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत दर्जनों लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

इस अवसर पर कुछ शिशुओं का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी पूरी की गई। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, मृणाल सेवा संस्थान द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पर नाटक और हरिहरपुर घराने के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक गायन की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना समेत जिले के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!