पुलिस की कारवाही……
आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में बीती रात और गुरुवार की सुबह पुलिस के साथ हुए दो अलग अलग स्थान पर मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों के पैर में गोली लगी है। जबकि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान अभियुक्तों के कब्जे से एक कार्बाइन, दो असलहे व कारतूस बरामद किए गए हैं। एसपी आजमगढ़ अनुराग आर्य ने बताया कि एक दिन पूर्व महाराजगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ था। इसी क्रम में बीती रात को फरार अभियुक्तों से पुलिस की मुठभेड़ हुई अहरौला थाना के मोतीपुर पुलिया के पास मुठभेड़ हुई जिसमें कप्तानगंज थाना क्षेत्र का निवासी और थाना का हिस्ट्री शीटर प्रवीण कुमार पांडे उर्फ़ मन्नू पांडे के दोनों पैर में गोली लगी है। उसके पास से एक कार्बाइन 32 बोर, एक पिस्टल 32 बोर और एक चोरी की बाइक बरामद हुई है। इसके ऊपर 30 मुकदमे हैं। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि कार्बाइन इसको कहां से मिली। इसके अलावा वहीं से राजीव कुमार गौतम को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरी मुठभेड़ इब्राहिमपुर थाना अहरौला में सुबह हुई। जहां अंबेडकर नगर के जहांगीरगंज के निवासी अपराधी अभिषेक यादव के पैर में गोली लगी है और उसके पास से भी असलहा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि आजमगढ़ के अलावा गाजीपुर मऊ व अंबेडकर नगर में असलहा सप्लाई का कार्य करते हैं। पूरी पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम एसपी की तरफ से दिया गया।







