संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी ने सुनी फरियादियों की फरियाद! कुल 142 मामले में 12 मामलों का मौके पर निस्तारण,शेष 130 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय में करने का आदेश

जन समस्या सुनने के साथ ही किया वृक्षारोपण, एक पेड़ मां के नाम.. पर बांटे गए वृक्ष और पौधे……

फूलपुर एक्सप्रेस 

आजमगढ़ 06 जुलाई– जिलाधिकारी श्री विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक श्री हेमराज मीना की अध्यक्षता में आज तहसील फूलपुर के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि इसमे किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी, जन समस्याओं का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर कुल 142 मामले आये, जिसमे से 12 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 130 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। प्राप्त मामलों में राजस्व विभाग के 103, पुलिस के 23, विकास के 13, नहर के 01, पीडब्ल्यूडी के 02 मामले शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन-जिन विभागों से संबंधित आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, उसे जल्द से जल्द शत प्रतिशत गुणवत्तायुक्त निस्तारित करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारम्भिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नही जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारीगण प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भिक स्तर पर ही जन समस्याओं का वास्तविक निस्तारण कर दें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना द्वारा तहसील क्षेत्र फूलपुर के समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों की तत्काल, निष्पक्ष व न्यायोचित जांच कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

इसके साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया, जिसमें वृक्षारोपण महोत्सव और एक पेड़ मां के नाम चल रहे कार्यक्रम के अंतर्गत फूलपुर रेज़ के सामाजिक वानिकी वनप्रभाग आजमगढ़ वन विभाग द्वारा तहसील परिसर में आए हुए व्यक्तियों को 500 से अधिक पौधे निशुल्क उपलब्ध कराए गए, साथ ही उक्त पौधों के विषय में जानकारी देते हुए उनके देखरेख रखरखाव आदि के विषय में बताया गया, 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 आईएन तिवारी, उप जिलाधिकारी फूलपुर एस पी सिँह, तहसीलदार फूलपुर, क्षेत्राधिकार अनिल कुमार सिंह, डीएफओ, प्रभागी वन अधिकारी जीडी मिश्रा, क्षेत्रीय वन अधिकारी एस के मौर्य, उप क्षेत्र वन अधिकारी विजय बहादुर, राकेश अस्थाना, विकास प्रजापति, महेन्द्र कुमार सिंह, अवनीश कुमार सिंह चंदेल, अधिशाषी अधिकारी विक्रम कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, स्थानीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें...