महिला आयोग की सदस्य ने सुनीं समस्याएं, 4 मामलों का मौके पर निस्तारण
आजमगढ़: उ०प्र० राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने बुधवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। इस दौरान घरेलू हिंसा, दहेज, छेड़खानी और साइबर क्राइम से जुड़े कुल 14 मामले सामने आए, जिनमें से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। डॉ. मौर्या ने महिलाओं को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे खुद को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाएं, आयोग हर कदम पर उनके साथ है।

इसके बाद उन्होंने अटल आवासीय विद्यालय गम्भीरवन का निरीक्षण कर बच्चों के साथ भोजन की गुणवत्ता पर चर्चा की और उनके साथ पौधरोपण भी किया। जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बंदियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं को परखा।
बाल विवाह के खिलाफ आजमगढ़ ने ली शपथ, हस्ताक्षर अभियान शुरू
आजमगढ़ जनपद को बाल विवाह की कुरीति से मुक्त करने के लिए ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ (Child Marriage Free Bharat) अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने उपस्थित अधिकारियों और आमजन को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई और प्रशंसा-पत्र वितरित किए। इस दौरान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लोगों को इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया और हस्ताक्षर अभियान चलाकर जागरूकता का संदेश दिया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि यह 100 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान जनपद में तेजी से चलाया जा रहा है।








