तीन चरणों में होगा क्रियान्वयन, शिक्षण संस्थानों की रहेगी विशेष भूमिका
आजमगढ़, उत्तरप्रदेश: आजमगढ़ के डीएम रविंद्र कुमार द्वितीय ने घोषणा की है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन 2 अगस्त से 15 अगस्त, 2025 तक विभिन्न चरणों में किया जाएगा। शनिवार को सीडीओ परीक्षित खटाना ने विकास भवन में इस अभियान का शुभारंभ किया।
डीएम ने बताया कि यह अभियान पिछले तीन वर्षों (2022, 2023 और 2024) में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया है, जिसमें 15 अगस्त को पूरे देश में घरों, कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रमुखता से तिरंगा फहराया गया। तिरंगे के साथ सेल्फी, प्रभात फेरी, तिरंगा रैलियां (बाइक और साइकिल रैली सहित), तिरंगा प्रदर्शनी और अन्य जमीनी स्तर की गतिविधियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को देशभक्तिपूर्ण और व्यापक उत्सव का रूप दिया है।
अभियान को पूरे देश में तीन चरणों में चलाया जाएगा:
- प्रथम चरण: 2 अगस्त से 8 अगस्त तक
- द्वितीय चरण: 9 अगस्त से 12 अगस्त तक
- तृतीय चरण: 13 अगस्त से 15 अगस्त तक
डीएम ने शिक्षा विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 2025 के प्रथम चरण में निम्नलिखित गतिविधियाँ सुनिश्चित करें:
- स्कूलों की दीवारों और बोर्डों को तिरंगे से प्रेरित कला से सजाना।
- संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रदान की गई प्रदर्शनियों (जिन्हें www.harghartiranga.com से डाउनलोड किया जा सकता है) को मुख्य कार्यक्रमों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी भवनों जैसे चिह्नित स्थानों पर प्रदर्शित करना।
- स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन।
- तिरंगा राखी बनाने की कार्यशालाएं और प्रतियोगिताएं आयोजित करना।
- सैनिकों और पुलिसकर्मियों को आभार पत्र लिखकर डाक विभाग के समन्वय से राखियां भेजना।
- सार्वजनिक स्थानों और बाजारों को तिरंगे रंगों को प्रदर्शित करने के लिए तिरंगे धागों से युक्त तिरंगा बुनाई और धागे की गतिविधि का आयोजन करना।
