सीएचसी फूलपुर में लोगों को मिलीं मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं
- सेवा ही संकल्प: प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर लगा स्वास्थ्य शिविर
- गांव-गांव तक पहुंची सरकारी योजनाओं की सुविधा
फूलपुर, आजमगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में, बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फूलपुर में ‘सेवा पखवाड़ा’ का भव्य शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) तक चलेगा, जिसमें आम जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शशिकांत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री रत्नेश विंद रहे, जिन्होंने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्री एम.एल. अग्रहरि और वरिष्ठ नेत्र परीक्षण अधिकारी आर.बी. वर्मा ने सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और किशोरियों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से अपील की कि वे इस पखवाड़े के दौरान अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविरों में जाकर इन सुविधाओं का लाभ उठाएं।

शिविर में कुल 255 मरीजों की जांच और उपचार किया गया। डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. प्रमोद यादव, ए.आर.ओ. उमेश यादव, डॉ. मोहम्मद अजीम सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी मंडल फूलपुर के समस्त पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पूरे मनोयोग से कार्यक्रम में सहयोग करते नजर आए।





